चौसाना/बिडौली। खाड़ी देशों में बने तनावपूर्ण हालात के बीच विदेशों में रह रहे भारतीय छात्रों को लेकर परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
थानाक्षेत्र के ग्राम बिडौली सादात निवासी सदफ जेहरा और मेहर जेहरा ईरान में उच्च शिक्षा हासिल कर रही हैं और मौजूदा परिस्थितियों के चलते वहीं हैं। करीब 14 दिन तक दोनों से संपर्क न हो पाने के कारण परिवार के लोग बेहद परेशान और चिंतित थे, जिससे घर में बेचैनी का माहौल बना हुआ था।
रविवार को परिजनों ने सरोश प्लस नामक ईरानी मैसेजिंग एप के जरिए किसी तरह छात्राओं से संपर्क स्थापित किया। मेहर जेहरा के पिता समर राजा ने बताया कि एक परिचित की मदद से एप की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे डाउनलोड कर ईरानी नंबर से पंजीकरण किया गया। इसके बाद मैसेज के माध्यम से सीमित रूप से बातचीत हो सकी, जिससे वहां के हालात की जानकारी मिल पाई।
बातचीत में छात्राओं ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें 10-10 के समूह में अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जोखिम कम किया जा सके।
बेटियों के सकुशल होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और केंद्र सरकार से उनकी सुरक्षित व शीघ्र वापसी के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।