जांच में सबसे अधिक चर्म रोगी पाए गए
शामली। रविवार को जिले में सभी 26 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में सबसे अधिक संख्या चर्म रोगियों की रही। कुल 3146 मरीजों में 554 मरीज चर्म रोग से पीड़ित रहे।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि रविवार को सभी पीएचसी पर लगे स्वास्थ्य मेले में कुल 3146 मरीजों की जांच हुई, जिनमें 975 पुरुष, 1642 महिला और 529 बच्चे शामिल हैं। सबसे अधिक 554 मरीज चर्म रोग के रहे हैं। दूसरे नंबर पर 367 श्वसन रोग के मरीज आए। मोतियाबिंद के 40 मरीज रहे। मेले में 111 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई और 251 आयुष्मान कार्ड/गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। मेले में कन्या सुमंगला योजना के 71 और प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के 117 फार्म भरे गए हैं। जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में सरकारी चिकित्सकों के साथ निजी चिकित्सकों का भी सहयोग लिया गया। इससे पहले लगे स्वास्थ्य मेले में भी चर्म रोगियों की संख्या सबसे अधिक रही है। दो फरवरी को शुरू हुए पहले मेले में चर्म रोगी सबसे अधिक रहे थे।
ये रही मरीजों की स्थिति
उच्चरक्त चाप रोगी - 184
श्वसन रोगी - 367
लीवर रोगी - 80
मधुमेह रोगी - 198
उदर रोगी - 252
चर्म रोगी - 554
एनीमिया - 117
टीबी - 44
अन्य रोगी- 1121
केरटू, गढ़ीपुख्ता में 282 मरीजों की जांच हुई
झिंझाना/गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव केरटू के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में मरीजों का उपचार कर दवा दी गई। डाक्टर कलीम ने बताया की टीबी के मरीजों को सरकार की योजना के तहत 500 रुपये प्रतिमाह पोषण के लिए दिए जाएंगे। इस अवसर पर आयुर्वेदिक डा. भरत प्रसाद, सलेक, नवीन कुमार, एएनएम रजनी व एलटी दिव्या, नेत्र सहायता अरविंद, आशा अनीता, मंजू, सुदेश, पूनम, आंगनबाड़ी रेखा, अनुराधा आदि स्टाफ मौजूद रहा।
गढ़ीपुख्ता में रविवार को पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 164 मरीजों का उपचार किया गया। मेले में एसीएमओ डा. नेतराम, सह नोडल काशिफ ख़ान, डा. जसवीर, डा. अमित गुप्ता, डा. शिल्पी गुप्ता, एलटी मेवाराम, फार्मेसिस्ट संजय मित्तल, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।