कैराना के गांव गुर्जरपुर में पीएसी फायरिंग रेंज की भूमि का निरीक्षण करती एसडीएम मणि अरोरा
- फोटो : SHAMLI
कैराना। एसडीएम व तहसीलदार ने ऊंचागांव में पीएसी कैंप और गुर्जरपुर में फायरिंग रेंज के लिए खरीदी जाने वाली भूमि का निरीक्षण किया।
बृहस्पतिवार को एसडीएम मणि अरोरा व तहसीलदार रनबीर सिंह ने ऊंचा गांव में बनने वाले पीएसी कैंप व गुर्जरपुर में फायरिंग रेंज की भूमि का निरीक्षण किया। विदित रहे कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने शामली में चुनावी जनसभा में पीएसी कैंप की स्थापना का वादा किया था। प्रशासन ने ऊंचागांव में पीएसी कैंप व गुर्जरपुर में फायरिंग रेंज बनाने के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
दिसंबर 2019 में ऊंचा गांव में पीएसी कैंप के लिए 65 किसानों की 24.8697 हेक्टेयर भूमि तथा गुर्जरपुर में फायरिंग रेंज के लिए 22 किसानों की 6.8565 हेक्टेयर भूमि खरीदने के लिए कुल सात बैनामों का प्रारूप तैयार करा लिया था। सभी किसानों की खसरा-खतौनी व बैंक खातों का भी सत्यापन करा लिया गया था। बैनामे छठी वाहिनी पीएसी मेरठ के कमांडेट के नाम पर होने थे, लेकिन जनवरी के पहले सप्ताह में कमांडेंट के अवकाश पर चले जाने व उसके बाद नोएडा ट्रांसफर हो जाने के कारण जमीन खरीदने की प्रक्रिया अधर में लटक गई थी। इस मामले में छठी वाहिनी पीएसी मेरठ के बाबू सुधीर कुमार ने फोन पर बताया कि छठी व 44वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेट के पदों पर अभी शासन ने कोई पोस्टिंग नहीं की है। नई पोस्टिंग होने के बाद ही कार्य आगे बढ़ेगा।