घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
बाबरी। दो दिन पहले उत्तराखंड के जिला हरिद्वार में सड़क हादसे में घायल हुए बाबरी क्षेत्र के गांव कैड़ी निवासी युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में गम का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्र के गांव कैड़ी निवासी अजय कुुमार (30) उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के बहादराबाद में एक कंपनी में काम करता था। दो दिन पहले शुक्रवार शाम को अजय स्कूटी पर सवार होकर रक्षाबंधन पर्व पर घर आने के लिए वहां से चला था। परिजनों के मुताबिक हरिद्वार जिले में रास्ते में स्कूटी में पीछे से मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें वह घायल हो गया था। परिजनों ने युवक को मुजफ्फरनगर के अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार देर रात उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। रविवार को युवक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। युवक की मौत से परिजनों में गम का माहौल है।