शामली। साइबर के शातिर झांसे में लेकर लोगों के बैंक खातों से ऑनलाइन ठगी करने के मामले सामने आ रहे हैं। ऑनलाइन ठगी की सूचना अगर 24 घंटे के अंदर साइबर सेल या साइबर क्राइम थाने पर दी जाए तो ठगी गई रकम वापसी होने की उम्मीद रहती है। साइबर सेल ने पिछले दिनों समय पर मिली शिकायत मिलने पर पीड़ितों के खातों में ठगी गई रकम वापस कराई है।
जिले की साइबर सेल को वर्ष 2024 में करीब 1600 शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों में साइबर के शातिरों ने करीब पांच करोड़ 94 लाख 42 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। इनमें साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की ठगी गई 75 लाख रुपये होल्ड कराई गई। वर्ष 2025 में करीब 700 शिकायतें मिली। इनमें साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए 51 लाख 62 हजार 704 रुपये होल्ड कराए। होल्ड कराई गई रकम को न्यायालय की अनुमति से पीड़ित के बैंक खाते में भेजा जाता है। साइबर सेल प्रभारी संजीव भटनागर ने बताया कि ऑनलाइन साइबर ठगी होने पर पीड़ित को जल्द से जल्द साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना या डायल 1930 पर सूचना देनी चाहिए। अगर पीड़ित 24 घंटे के अंदर ठगी की सूचना दर्ज कराते हैं तो ठगी गई रकम के वापस मिलने की पूरी संभावना होती है।
केस एक
मोहम्मद मोहसिन ने 23 नवंबर 2024 को साइबर सेल को शिकायत कर 44065 रुपये की साइबर ठगी होने की शिकायत की थी। साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए दो जनवरी 2025 को ठगी गई पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई।
केस दो
बलराम चौधरी ने इसी वर्ष चार फरवरी को 31345 रुपये की ऑनलाइन ठगी होने की शिकायत की थी। साइबर सेल ने 16 फरवरी को ठगी गई पूरी रकम खाते में वापस कराई।
केस तीन
नेहा ने 45 हजार रुपये की ठगी होने की शिकायत 10 फरवरी को दर्ज कराई थी। साइबर सेल के प्रयास से 24 अप्रैल को ठगी गई रकम पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।