अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) नई दिल्ली के सदस्य ने लिया एक्सप्रेसवे जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) नई दिल्ली के सदस्य आलोक दीपांकर ने सोमवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शामली जिले के कई स्थानों पर इंटरचेंज और सर्विस लेन का अधूरा निर्माण सामने आया। आलोक दीपांकर ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को अक्टूबर माह तक हर हाल में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
करीब ढाई घंटे चले निरीक्षण में आलोक दीपांकर बागपत स्थित ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से अपनी गाड़ी से रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने मेरठ-करनाल हाईवे पर लांक, बुटराड़ा, गोगवान जलालपुर, ख्यावड़ी और बड़गांव होते हुए सहारनपुर तक गणेशपुर चौक तक निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण में शामली जिले के लांक के पास मेरठ-करनाल हाईवे, पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराड़ा और ख्यावड़ी में इंटरचेंज व सर्विस लेन का काम अधूरा मिला। इस पर नाराजगी जताते हुए आलोक दीपांकर ने परियोजना निदेशक और निर्माण एजेंसी को समयसीमा तय कर अक्टूबर तक कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मौके पर बागपत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार, साइट इंजीनियर राजन पांडे, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि और ठेकेदार भी मौजूद रहे।