शामली । उत्तर प्रदेश लोक सेवा सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा 2013 का रिजल्ट घोषित हो गया, जिसमें शामली की संध्या संगल भी चयनित हुई हैं। परिजनों ने मिठाई खिलाकर कामयाबी पर खुशी मनाई।
शामली के जैन मोहल्ला लाल गली निवासी शूज व्यापारी प्रदीप कुमार संगल की बेटी संध्या संगल ने जैन कन्या इंटर कॉलेज से इंटर की पढ़ाई की। फिर हिन्दू महिला महाविद्यालय से बीकॉम और कैराना स्थित विजय सिंह पथिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय से एमकॉम किया।
इसके अलावा सिल्वर बेल्स कॉलेज से बीएड किया। फिर 2010 में विशिष्ट बीटीसी के जरिये प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका के रूप में नियुक्त होने पर कॉमर्स विषय से जेआरएफ और नेट क्वालीफाई किया। इन दिनों वह शामली के मोहल्ला काजीवाड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर तीन में बतौर प्रधानाध्यापिका कार्यरत हैं।
संध्या संगल ने बताया कि 2013 में उन्होंने परीक्षा दी, जिसका रिजल्ट अब घोषित हुआ है। संध्या ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने पिता प्रदीप कुमार संगल के अलावा आरके पीजी कॉलेज के शिक्षक रवि बंसल तथा नवोदय विद्यालय मध्य प्रदेश में तैनात शिक्षक प्रदीप गोयल को दिया है।