दिनदहाड़े बदमाशों ने चालक को घायल कर कार लूटी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड पर एसएसपी कैंप कार्यालय के निकट होटल के बाहर चार-पांच सशस्त्र बदमाशों ने सिंचाई विभाग के ठेकेदार की कार में बैठे चालक को पिस्टल का बट हाथ पर मारकर घायल कर दिया। चालक को गाड़ी से नीचे उतारकर गाड़ी कब्जे में ले ली, लेकिन गाड़ी चलाने में विफल रहने और चालक के शोर मचाने पर बदमाश गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। भागते हुए बदमाशों ने फायर भी किया। गाड़ी से बदमाशों की छूट गई पिस्टल व एक कारतूस बरामद हुआ है।
मुजफ्फरनगर के थाना मीरापुर क्षेत्र के गांव जमालपुर बांगर निवासी विजय कुमार सिंचाई विभाग के ठेकेदार है। उनका झिंझाना क्षेत्र में गांव मंसूरा के निकट यमुना पर बांध की मरम्मत का कार्य चल रहा है। सोमवार को अपराह्न करीब चार बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर कार में साइट से काम देखकर अपने गांव के चालक शिवकुमार के साथ लौट रहे थे। झिंझाना रोड से नहर पटरी होते हुए वह शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड पर पूर्वी यमुना पुल के निकट होटल पर चाय पीने चले गए, जबकि चालक होटल के बाद गाड़ी में बैठा रहा। उसी दौरान चार-पांच बदमाश आए और चालक से पहले शामली, फिर पानीपत जाने का रास्ता पूछते हुए कहा कि उन्हें पानीपत तक छोड़ दे।
आरोप है कि चालक ने इंकार किया तो एक बदमाश ने उसके सिर पर पिस्टल से वार कर दिया, लेकिन उसने हाथ से पिस्टल रोक ली जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। बदमाशों ने पिस्टल से आतंकित कर चालक से चाबी छीनकर गाड़ी से नीचे उतार दिया और गाड़ी को स्टार्ट कर लेकर चल पड़े। दस कदम भी गाड़ी नहीं चला पाए, उधर चालक ने गाड़ी लूटने का शोर मचा दिया, जिससे बदमाश हड़बड़ा गए और गाड़ी को छोड़कर पैदल ही होटल के बराबर में बाग में घुसकर फरार हो गए। कुछ लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायर कर दिया।
सूचना पर सीओ सिटी जितेंद्र कुमार, कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने गाड़ी से बदमाशों की छूटी पिस्टल व एक कारतूस कब्जे में ले लिया। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें बदमाशों के चेहरे दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। ठेकेदार विजय ने तहरीर दी है।
रोडवेज बस से उतरे थे बदमाश
कार लूटने वाले बदमाशों के बारे में बताया गया है कि वे शामली से पानीपत की तरफ जा रही रोडवेज बस से उतरे थे और सीधे गाड़ी में बैठे चालक के पास पहुंचे। पुलिस इन बिंदुओं पर जांच कर रही है कि बदमाश बस में कहां से सवार हुए थे। सभी बदमाश युवा थे और उनकी उम्र 25 से 35 साल के आसपास बताई गई है और सभी के पास हथियार बताए गए।
किशोरों पर बदमाशों ने दिखाई दया, 50 का नोट दिया
पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस समय घटना हुई, उस समय वहां पर 10 से 15 साल की उम्र के चार-पांच किशोर थे जो आने जाने वाले लोगों से पैसे मांग रहे थे। इनमें एक किशोर उनके पास पहुंचा तो एक बदमाश ने उसे 50 रुपये का नोट दिया। पुलिस ने उन किशोरों से भी बदमाशों की हुलिया के बारे में जानकारी ली।
गाड़ी की आधुनिक तकनीक से वाकिफ नहीं थे बदमाश
ठेकेदार विजय ने बताया कि उन्होंने फॉर्च्यूनर कसा कुछ समय पहले ही खरीदी है। गाड़ी आधुनिक तकनीक से युक्त ऑटोमेटिक है। ठेकेदार का मानना है कि बदमाश शायद गाड़ी की ऑटोमेटिक तकनीक से वाकिफ नहीं थे या फिर हड़बड़ाहट में गाड़ी को नहीं चला सके।
कोट :
कैराना रोड पर नहर पुल के निकट होटल के बाहर बदमाशों ने फॉर्च्यूनर गाड़ी लूटने की कोशिश की। सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों के चेहरे दिख रहे हैं। कोतवाली और एसओजी टीम को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
- सुकीर्ति माधव, एसएसपी।