शामली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को 31 मार्च तक ई-केवाईसी कराना होगा। अगले माह से आधार कार्ड पर आधारित भुगतान व्यवस्था केंद्र सरकार लागू करने जा रही है। अभी तक जिले में 131242 किसान परिवार इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
उप कृषि निदेशक डॉ. शिव कुमार केसरी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए शासन ने किसानों को 31 मार्च तक ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए हैं। किसान जनसेवा केंद्र पर जाकर अपना ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा किसान सम्मान निधि पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल या कंप्यूटर से ई-केवाईसी पूर्ण कर सकते हैं। इसके लिए किसान पोर्टल पर जाकर ई-केवाईसी लिंक ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। जिसके बाद आधार व रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करने पर ओटीपी आएगा।
ओटीपी दर्ज कर सत्यापन के लिए सबमिट बटन दबाना होगा। जिसके बाद स्क्रीन पर ई-केवाईसी इज सक्सेसफुल्ली सबमिटिड मेसेज दिखाई देगा। पहले से ही ई-केवाईसी पूर्ण होने पर स्क्रीन पर ई-केवाईसी आलरेडी डन का मेसेज दिखेगा।
उप कृषि निदेशक ने कहा कि जिन किसानों के मोबाइल नंबर, आधार कार्ड पंजीकृत नहीं है या फिर सत्यापन के दौरान ओटीपी नहीं आ रहा है, ऐसे किसान जनसेवा केंद्र पर जाकर बायोमैट्रिक सत्यापन करा लें। ई-केवाईसी के लिए कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की ड्यूटी न्याय पंचायत स्तर पर 31 मार्च 2022 तक लगाई गई है। जिससे किसान ई-केवाईसी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 31 मार्च तक ई-केवाईसी न कराने वाले किसानों की अप्रैल माह से पीएम किसान सम्मान निधि की किश्त आनी बंद हो जाएगी।