शामली। शहर में आए दिन बढ़ती जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस हो गई है। नई सरकार बनते ही यातायात पुलिस ने अब ड्यूटी करने का तरीका थोड़ा बदल लिया है। पुलिस ने गलत साइड से घुसने वाले वाहनों पर नकेल कसते हुए जाम की समस्या को कम करना शुरू कर दिया है।
शहर में सबसे बड़ा जाम का कारण फाटक बंद होने के बाद छोटे वाहन बनते हैं। जो गलत साइड से घुसकर फाटक के पास पहुंच जाते हैं और फाटक खुलते ही तेजी से निकलने के कारण फंस जाते हैं। दोनों ओर से वाहनों के नहीं निकलने के कारण जाम लगता है। किसी भी साइड के वाहन नहीं निकल पाते और वाहनों की संख्या बढ़ती रहती है। शहर के धीमानपुरा और बुढ़ाना रोड की फाटक पर आए दिन यही हाल रहता है। अब से पहले पुलिस गलत साइड से आने वाले छोटे वाहनों को नहीं रोकती थी। जिससे जाम लगने के बाद उन्हें बाद में घंटों मशक्कत करनी पड़ती थी।
अब नई सरकार बनने के बाद यातायात पुलिस ने अपने काम करने के तरीके में बदलाव करते हुए जाम की समस्या को खत्म करने की ठान ली है। रविवार को शहर के दोनों फाटक बंद होने के समय यातायात पुलिस पहले ही खड़ी नजर आई। वाहनों को अपनी साइड सही तरीके से लाइन लगवाई गई। जिससे फाटक खुलने के बाद एक दम सही तरीके से संचालन हो सके।
बुढ़ाना रोड फाटक पर भी बाईपास से गुजरने वाले बडे़ वाहनों को मेरठ रोड पर चलने से पहले ही रोक दिया गया। वहीं, शहर के बीच मैन रोड पर धीमानपुरा फाटक के दोनों ओर यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहे। उन्होंने फाटक बंद होने के बाद किसी भी वाहन को गलत साइड से फाटक के पास नही पहुंचने दिया। किसी बाइक सवार ने जाने की कोशिश भी की तो हड़काया। अगर पुलिस आगे भी इसी नियम पर चलती रही तो शायद फाटक बंद होते समय लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी।
एसपी के निर्देश पर यातायात पुलिसकर्मी और होमगार्डों को ड्यूटी पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, फाटक बंद होते समय गलत साइड से आने वाले छोटे वाहनों के लिए चालान काटने का अभियान चलाया गया है। जल्द ही जाम की समस्या को समाप्त कर दिया जाएगा। - एसएसआई, भंवर सिंह