थानाभवन। सहकारी समिति हसनपुर लुहारी के चेयरमैन ने गांव के प्रधान पति के भाई मानक के विपरीत सड़क का निर्माण कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीण विकास विभाग को शिकायत भेजी है।
चेयरमैन का आरोप है कि ग्राम प्रधान पति का भाई हसनपुर लुहारी गांव के बस स्टैंड पर सड़क का निर्माण करा रहे है। जिसका निर्माण होने से गांव के कई हिस्सों में पानी भर जाएगा। सोसाइटी में खाद जाने का रास्ता भी बंद हो जाएगा। समिति के चेयरमैन नरेश सैनी उर्फ बिल्ला ने शिकायत करते हुए बताया कि हसनपुर लुहारी गांव के प्रधान पति आपराधिक इतिहास होने के कारण फिलहाल जिला बदर है।
प्रधान पति की गैरमौजूदगी में उसका भाई गांव के मुख्य बस स्टैंड पर सड़क का निर्माण करा रहा है। स्थिति यह है कि बस स्टैंड से तालाब जाने वाले मार्ग पर सड़क का निर्माण होने से पानी का बहाव वापस गांव की तरफ मुड़ जाएगा। बरसात में तालाब का सारा पानी गांव के अंदर घरों में घुस जाएगा। सड़क को मानक के विपरीत ऊंचा बनाया जा रहा है। जिससे सहकारी समिति की खाद की गाड़ी भी सोसाइटी तक नहीं पहुंच पाएगी। खाद सोसाइटी तक न पहुंचने के कारण हजारों किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। आरोप है कि जब उन्होंने ग्राम प्रधान पति के भाई के सामने विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। चेयरमैन ने मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की है।