शामली के गांव बहावड़ी में हुई पंचायत में मौजूद ग्रामीण। स्रोत आयोजक
शामली। गांव बहावड़ी में शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीणों की पंचायत हुई। पंचायत में निर्णय लिया गया कि अगर शराब की दुकान बंद नहीं हुई तो मेरठ-करनाल हाईवे पर धरना दिया जाएगा।
गांव बहावड़ी में धर्मशाला में रविवार को ग्रामीणों की पंचायत हुई। पंचायत में ग्रामीणों ने कहा कि लगभग 40 वर्ष बाद गांव में देसी शराब की दुकान खोली गई है। गांव पहले से ही संवेदनशील श्रेणी में है। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से गांव में झगड़े होने और शांति भंग होने की आशंका है। गांव में पूर्व में भी कई हत्याएं व झगड़े हो चुके हैं। प्रधान प्रतिनिधि बंटी मलिक ने बताया कि इस मामले में पूर्व में संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत कर शराब की दुकान बंद कराने की मांग की गई थी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत में निर्णय लिया गया कि दो दिन बाद मंगलवार को जिलाधिकारी से मिलकर शराब की दुकान बंद कराने की मांग करेंगे। इसके बाद भी दुकान बंद नहीं होती तो मेरठ-करनाल हाईवे पर धरना दिया जाएगा।
पंचायत में बाबा श्याम सिंह, जयपाल सिंह, कुलतार सिंह, ब्रजपाल, रणवीर सिंह, पूर्व प्रधान कृष्णपाल, ब्रह्म सिंह, शोरण सिंह, महिपाल शर्मा, तेजपाल, सुभाष आर्य व नरेश आदि मौजूद रहे। पंचायत की अध्यक्षता चौधरी करतार सिंह ने की।