जलालाबाद। कस्बे के मोहल्ला मंडी भास्कर गंज में एक मकान में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई। जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया। आग लगने से घर का कीमती सामान जलकर राख हो गया।
मोहल्ला मंडी भास्कर गंज में विधवा मुकेश पाल का मकान है। बुधवार रात में करीब नौ बजे उसकी पुत्रवधू आरती खाना बना रही थी। इसी दौरान पाइप के सहारे आग सिलिंडर तक पहुंच गई। मुकेश व उसकी पुत्रवधू ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेेकिन आग बुझ नहीं सकी। आग ने घर में रखे सामान को चपेट में ले लिया और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। परिवार की चीख-पुकार सुनकर मोहल्लेवासी मौके की तरफ दौड़े। सिलिंडर को सरिये का कुंडा बनाकर किसी तरह मकान से बाहर निकाल मैदान में डाला और उस पर रेत और मिट्टी आदि डालकर लगी आग बुझाई।
इसके बाद लोगों ने घर में लगी आग को मशक्कत कर बुझाया। पीड़िता ने बताया कि आग से घर में रखे 13 हजार रुपये, करीब 30 हजार रुपये कीमत के जेवर समेत एक लाख रुपये से अधिक का सामान जल गया। आग लगने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पूर्व चेयरमैन जहीर मलिक, ग्राम प्रधान नजीर मलिक आदि मौके पर पहुंचे और तहसीलदार को घटना की सूचना देकर अग्निकांड में गरीब परिवार को नुकसान के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की।