बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा हॉस्पिटल किया सील
स्वास्थ्य टीम के पहुंचने से पहले हॉस्पिटल का स्टाफ हुआ फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे शकुंतला हॉस्पिटल को एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने टीम के साथ पहुंचकर सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दौरान अस्पताल का स्टाफ फरार हो गया था।
एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार स्वास्थ्य टीम के साथ शुक्रवार शाम ब्लाक कार्यालय के सामने शकुंतला देवी हॉस्पिटल पहुंचे। एसीएमओ के पहुंचने से पहले ही स्टाफ उसे बंद कर फरार हो गया। एसीएमओ ने हॉस्पिटल के रजिस्ट्रेशन की जांच की तो वह एक साल पहले खत्म हुआ मिला। इसके बाद एसीएमओ ने हॉस्पिटल पर सील लगा दी। एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि शकुंतला देवी हॉस्पिटल को सील किया गया है। इसी हॉस्पिटल में शीलू नामक महिला का पिछले दिनों इलाज किया गया था। जिसमें लापरवाही बरती गई थी। इसके अतिरिक्त किसान यूनियन ने भी उनको डॉ. हरेंद्रपाल सिंह के कागजात इस हॉस्पिटल के रजिस्ट्रेशन में लगाए जाने की शिकायत की थी। फिलहाल हॉस्पिटल को सील कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल पर छापा की सूचना लीक हुई है, जिसके चलते हॉस्पिटल के स्टाफ ने टीम के पहुंचने से पहले बाहर लगे बोर्ड तक फाड़कर बराबर में डाल दिया। जिसकी एसीएमओ ने वीडियोग्राफी कराई। एसीएमओ ने बताया कि मुख्य द्वार के बराबर में एक छोटा रास्ता खुला मिला। अंदर देखने पर पता चला कि वहां पर मरीजों को भर्ती करने की बेड, स्ट्रेचर व व्हील चेयर आदि की सुविधा मिली।