ऊन। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में ठंड के कारण बालिकाओं के बीमार होने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के बाद शाम को ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा छुट्टी के आदेश जारी कर दिए गए।
रविवार को विद्यालय की वार्डन ने सभी बालिकाओं को परिजनों को बुलाकर घर भेज दिया।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में ठंड के कारण करीब 25 बालिकाएं बीमार हो गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय में जाकर बीमार बालिकाओं का उपचार किया।उप जिलाधिकारी अर्चना शर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार को विद्यालय में पहुंचकर जानकारी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी ने बीमार बालिकाओं की जानकारी कर अधिकारियों को रिपोर्ट दी। इसके बाद देर शाम जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 14 जनवरी तक छुट्टी के आदेश जारी कर दिए गए।
रविवार को विद्यालय की वार्डन शालू चौधरी ने बालिकाओं के परिजनों को बुलाकर उनके साथ घर भेज दिया।