कैराना। मायापुर रोड स्थित कोतवाली से कुछ ही दूरी पर नगरपालिका की अनदेखी के कारण वाल्मीकि तालाब को कूड़े से पाट दिया गया है। शहर के बीच स्थित तालाब पर अब अवैध कब्जों के साथ ही कूड़े के बड़े ढेर लगे हैं। यहां फैली गंदगी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण भी बन रही है।
मुख्य मार्ग कोतवाली के बराबर से मायापुर रोड जाती है। मायापुर रोड पर कुछ ही दूरी पर वाल्मीकि तालाब है। तालाब के बड़े हिस्से पर अवैध कब्जे है तो वही तालाब की बाकी भूमि पर कूड़ा कचरा डालते हुए डंपिंग ग्राउंड बना दिया है। यहां से 50 मीटर की दूरी पर प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र है।
हवा के साथ यहां का कूड़ा स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच रहा है। इसके अलावा यहां एक प्राइवेट स्कूल के अलावा दो प्राइवेट क्लीनिक भी है। गंदगी डाले जाने से यहां दुर्गंध भी बनी रहती है। जिस कारण यहां से लोगोंं का निकलना भी मुहाल हो रखा है।
लोग कई बार नगरपालिका से लेकर उच्चाधिकारियों को शिकायत कर चुके है, लेकिन हालत नहीं बदले और तालाब डंपिंग ग्राउंड बनकर रह गया, जबकि नगरपालिका द्वारा गंदराऊ रोड पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत में डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है।