चार पहिया वाहन पर हेलमेट का चालान
शामली। यातायात पुलिस की वाहन चालान करने में लापरवाही का मामला सामने आया है। करीब 13 माह बाद चालान का भुगतान न होने पर वाहन स्वामी को डाक से नोटिस भेजा गया, जिसमें चार पहिया वाहन पर हेलमेट का चालान दिखाते हुए 500 रुपये शमन शुल्क जमा कराने को कहा गया है।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव जगनपुर निवासी अमरीश कुमार ने बताया कि वह चार पहिया वाहन पिकअप का स्वामी है। उसे दो दिन पहले डाक से यातायात पुलिस की तरफ से भेजा गया नोटिस मिला है। नोटिस में उनके चार पहिया वाहन का चालान 21 जनवरी 2020 को होना बताया गया। नोटिस में उसके दो पहिया वाहन को बिना हेलमेट चलाने पर यातायात नियम का उल्लंघन करने पर 500 रुपये का शमन शुल्क तीन दिन के अंदर जमा कराने को कहा गया है। अमरीश का कहना है कि नोटिस पर उसका नाम, मोबाइल नंबर और पिकअप का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा हुआ है। उसका कहना है कि उसे यातायात पुलिस द्वारा चालान करने की कोई जानकारी नहीं है और न ही इससे पहले कोई सूचना दी गई। इस संबंध में जिला यातायात प्रभारी भंवर सिंह का कहना है कि हो सकता है कि वाहन चालान करते समय मोबाइल में सीट बेल्ट की जगह हेलमेट के ऑप्सन पर क्लिक हो गया हो। जांच के बाद ही इसका सही कारण पता चल सकेगा। अगर चालान गलत हुआ है तो वह निरस्त हो जाएगा।