स्वास्थ्य टीम ने 13 जमातियों सहित 26 लोगों के सैंपल लिए
कैराना/थानाभवन। स्वास्थ्य विभाग ने कैराना के खुरगान में 13 जमातियों के सैंपल लिए हैं। जबकि कैराना में गैर प्रांतों से लौटे चार युवकों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई है। थानाभवन के गांव भैंसानी के 13 ग्रामीणों के एहतियात के तौर पर सैंपल लिए गए।
तीन दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खुरगान मस्जिद में 16 मार्च को आकर ठहरे कर्नाटक के आठ और 17 दिसंबर को पहुंचे हाथरस के पांच जमातियों की मेडिकल स्क्रीनिंग के बाद क्वारंटीन किया था। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन सभी 13 जमातियों के सैंपल लिए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने बताया कि खुरगान मस्जिद में ठहरे 13 जमातियों के सैंपल लिए गए है। हाथरस के जमाती वैसे तो दिसंबर में आए थे, लेकिन मार्च में आए कर्नाटक के जमातियों के साथ रहने के कारण उनके भी सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा रविवार को मोहल्ला दरबार कला में दो युवक राजस्थान से अपने घर लौटे। भूरा चुंगी निवासी युवक भी लखनऊ से लौटा है। गांव बीनड़ा में पौड़ी गढ़वाल से युवक वापस अपने घर पर आ गया था। इनकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य टीम ने चारों युवकों के घर पर पहुंचकर उनकी मेडिकल स्क्रीनिंग की।
थानाभवन के गांव भैंसानी इस्लामपुर में चार दिन पहले दो बांग्लादेशी जमातियों के मिलने के बाद स्वास्थ्य टीम ने गांव में सर्वे कराया था। सर्वे के दौरान स्वास्थ्य टीम को किसी ग्रामीण के जमातियों के संपर्क में आने की जानकारी नहीं मिली। थानाभवन सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डा. कांति प्रसाद ने बताया कि एहतियात के तौर पर 13 लोगों के सैंपल लिए गए है, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।