शामली। सीएमओ कार्यालय से संबद्ध टीबी एचआईवी कोऑर्डिनेटर विपिन कुमार काे दस दिन पहले सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने मूल तैनाती स्थल पर कार्य करने के आदेश जारी किए थे, लेकिन उन्होंने अभी तक अपनी मूल तैनाती स्थल पर ज्वाइन नहीं किया है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टीबी एचआईवी कोऑर्डिनेटर विपिन कुमार की मूल तैनाती जिला क्षय रोग केंद्र महावतपुर हिंड शामली पर है, लेकिन पिछले कई वर्षों से वे सीएमओ कार्यालय पर संबंंद्ध चल रहे थे। सीएमओ ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत क्षयरोग से ग्रसित मरीजों को बेहतर उपचार व समय-समय पर उनकी जांच आदि के मद्देनजर 12 मार्च को विपिन कुमार को मूल तैनाती स्थल पर कार्य करने के लिए आदेशित किया था। उन्हें मूल तैनाती स्थल पर रहकर प्रत्येक दिवस में कार्य करने और अपनी उपस्थिति भी जिला क्षय रोग केंद्र महावतपुर हिंड शामली पर दर्ज कराने के लिए निर्देशित किया गया था।
अभी तक विपिन कुमार ने मूल तैनाती स्थल पर ज्वाइन नहीं किया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के सोशल मीडिया ग्रुप में विपिन के अभी तक मूल तैनाती स्थल पर ज्वाइनिंग नहीं करने का मामला छाया रहा, जो विभाग में चर्चा का विषय बना है। सीएमओ ने कहा कि मामले को दिखवाएंगे। विपिन कुमार का कहना है कि वे स्वास्थ्य खराब चलने के कारण अवकाश पर चल रहे हैं।