शामली। जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक तीन दिन से लगातार बढ़ रहा है। रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़कर 174 पर पहुंच गया है। वायु प्रदूषण के अनुसार यह हानिकारक श्रेणी में होने के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
रविवार सुबह को धुंध के रूप में धुंध छाई रही। धुंध के कारण लोगों को सुबह के समय हल्की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। हालांकि सात बजे धूप निकल गई थी। इसके बाद मौसम साफ हो गया। दिन में भी धूप निकली रही। दीपावली से पहले वायु प्रदूषण कम था, लेकिन दीपावली के बाद से वायु प्रदूषण बढ़ गया था। इसके चलते एक्यूआई बढ़कर 270 तक पहुंच गया था। दीपावली के तीन दिन बाद फिर से एक्यूआई कम हो गया था। अब फिर से एक्यूआई बढ़ना शुरू हो गया। पिछले तीन दिन से एक्यूआई लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को जिले का एक्यूआई 159 और शनिवार को एक्यूआई 163 और रविवार को एक्यूआई 174 रहा। जिला अस्पताल के चिकित्सक समद अली ने बताया कि लोगों को वायु प्रदूषण से बचाव करना चाहिए। खासतौर से सांस और दिल के मरीजों को सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह-शाम को घर से बाहर न निकलें और दिन में भी घर से बाहर निकलें तो फेस मास्क लगाएं। घर के अंदर ही टहले और व्यायाम करें।