शामली बरखंड़ी रोड अर्बन अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में जांच करते चिकित्सक । संवाद
- फोटो : संगठन
शामली। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। इनमें बुखार, नजला, खांसी और त्वचा संबंधी रोगों के मरीज ज्यादा रहे। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच कर दवा दी।
रविवार को 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्राें पर आरोग्य मेले आयोजित हुए। इनमें सुबह 10 बजे से मरीज पहुंचने शुरू हो गए थे। शहर के मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सादिया सदफ ने मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया।
फार्मासिस्ट विकास कौशिक ने बताया कि आरोग्य मेले में 61 मरीज आए। इनमें 26 गर्भवती महिलाएं आईं, जिनकी जांच कर परामर्श दिया गया। इनके अलावा शुगर के चार, ब्लड प्रेशर के तीन, त्वचा संबंधी रोगों के छह, बुखार के चार और नजला, खांसी, शरीर में दर्द आदि के 18 मरीज पहुंचे। सभी मरीजों को दवा उपलब्ध कराई गई।
मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 53 मरीजों को उपचार मिला। डॉ. दीपांशु चौधरी ने मरीजों की जांच की। इस दौरान आठ गर्भवती महिलाओं की जांच की गई और उन्हें दवा के साथ परामर्श दिया गया। फार्मासिस्ट मनु शर्मा ने बताया कि आरोग्य मेले में त्वचा संबंधी रोग के आठ, ब्लड प्रेशर का एक, खांसी के छह, बुखार के दो और 24 अन्य रोगों के मरीज आए।
चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बुखार, नजला, खांसी होने की आशंका रहती है। इस मौसम में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। कोई भी परेशानी होने पर चिकित्सक की सलाह से उपचार कराना चाहिए।