शामली/कैराना/झिंझाना। आग का कहर दूसरे दिन भी जारी है। आग ने शामली और झिंझाना में किसानों की 38 बीघा गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया जबकि कैराना में किसानों के पांच बिटौड़ों में आग लग गई।
शामली के बनत के पास विजय पुत्र हरवंश का खेत है। सोमवार को खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन में स्पार्किंग के चलते आग लग गई। आग लगने से फसल जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों के प्रयास से आग को बुझाया जा सका, लेकिन तब तक किसान का हजारों रुपये का नुकसान हो चुका था।
कैराना के गांव ऊंचा गांव निवासी पूरण, लिल्लू, ईशमा, रामभज ने गांव के पास उपलों के बिटौडे़ं बना रखे थे। सोमवार दोपहर एक बजे इन बिटौड़ों में आग लग गई। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया। तब तक तेज हवा के कारण 5-6 बिटौडे जलकर राख हो गए थे।
झिंझाना में क्षेत्र के गांव याहियापुर के मजरे शाहपुर निवासी किसान अमरनाथ की गेहूं की तीन बीघा फसल के ऊपर से हाई वोल्टेज विद्युत लाइन खींची गई है। तेज हवा चलने से तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी के कारण फसल जलकर नष्ट हो गई।
इसके अलावा गांव मछरौली निवासी मायाराम की तीस बीघा फसल को अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान अमरनाथ ने बिजली विभाग और मायाराम ने अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
शामली में कूडे़ के ढेर में फिर लगी आग
शामली। नगर के बुढ़ाना रोड पर लिलौन की तरफ जाने वाले रास्ता कूड़ा का ढेर है। सोमवार को कारणों के चलते इस कूड़े के ढेर में आग लग गई। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची और आग को बुझ़ाया।
उधर, इस दौरान वहां घूम रहा एक युवक आग की चपेट में आने से झुलस गया, जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार को भी नगर के कैराना रोड़ पर पड़े कूड़े के ढेर में आग लग गई थी। दमकल विभाग ने उसको भी घंटों की मशक्कत के बाद बुझ़ाया था।