कैराना (शामली)। भैंस चोरी के आरोपी की तलाश में हरियाणा के रोहतक थाने की पुलिस ने कमांडो को साथ लेकर कैराना क्षेत्र में डेरा डाला। हरियाणा पुलिस जेल में बंद झिंझाना निवासी दो बदमाशों को भी पीसीआर पर अपने साथ लेकर आई है।
बृहस्पतिवार को हरियाणा के रोहतक थाने के एसआई प्रदीप कुमार ने अपनी टीम व कमांडो की टीम के साथ कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई। हरियाणा पुलिस व कमांडो दो गाड़ियों में सवार थे। एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके थानाक्षेत्र में भैंस चेारी के बड़े गिरोह को पकड़ा गया था। पकड़े गए दो आरोपी झिंझाना के रहने वाले हैं। दो आरोपियों को अदालत से आदेश प्राप्त करके पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उन्होंने कैराना निवासी अपने एक साथी का नाम भी बताया है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। देर शाम तक हरियाणा पुलिस क्षेत्र में मौजूद रही।
- पशु क्रूरता के आरोपी की तलाश में राजस्थान पुलिस की दबिश
कैराना। पशु क्रूरता के मामले में फरार चल रहे आरोपी की तलाश में राजस्थान पुलिस ने दबिश दी। आरोपी के नहीं मिलने पर राजस्थान पुलिस लौट गई।
बृहस्पतिवार को राजस्थान के थाना डीग के एसआई बलजीत सिंह ने अपनी टीम के साथ कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई। राजस्थान पुलिस ने बताया कि उनके थानाक्षेत्र में पशु क्रूरता के मामले में कैराना निवासी एक आरोपी फरार चल रहा है। जिसकी तलाश में राजस्थान पुलिस ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर नगर के एक मोहल्ले में दबिश दी। आरोपी के नहीं मिलने पर राजस्थान पुलिस लौट गई।