जलालाबाद। कस्बा जलालाबाद निवासी सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला सचिव महिला सभासद की पति राशिद मलिक और गांव ख्यावड़ी निवासी सिकंदर को हरियाणा के करनाल थाना इंद्री पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों पर ट्रांसफार्मर चोरी करने का आरोप है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हरियाणा के जिला करनाल के इंद्री थाना क्षेत्र के गांव राजोपुर, उमरपुर, कुंजपुरा आदि क्षेत्रों में खेतों से ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं हो रही थीं। वहां के किसान पुलिस से चोरी की घटनाओं को रोकने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उधर, चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीण अपने खेतों में पहरा दे रहे थे।
आरोप है कि तीन दिन पूर्व खेतों में पहरा दे रहे किसानों ने राशिद और सिकंदर को ट्रांसफार्मर की चोरी करने के आरोप में पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। राशिद मलिक सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ की जिला सचिव और नगर पंचायत जलालाबाद के वार्ड नौ की सभासद इमराना मलिक के पति हैं। इंद्री थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए लोगों से सीआईए टीम पूछताछ कर रही है। ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गैंग में शामिल अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी की जा रही है।
उधर, सभासद इमराना मलिक का कहना है कि अनजान लोगों ने फोन कर उसके पति को किसी जरूरी काम होना बताकर थानाभवन के शुगर मिल के पास बुलाया था। आरोप है कि पुलिस से मिलीभगत कर राजनीतिक रंजिश के चलते उनके पति को फंसाया जा रहा है। ट्रांसफार्मर चोरी करने का आरोप पूरी तरह निराधार है।