शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
शामली। फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पडी। सुबह साढे़ तीन बजे से ही शहर के शिवालयों में भगवान आशुतोष की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक शुरू हो गया। शिवालय बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष गूंजने लगे। पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं ने लाइनों में लगकर काफी देर तक इंतजार किया। पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर मन्नत मांगी। श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्रि का उपवास भी रखा।
फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि पर मंगलवार को सुबह 3:40 बजे से शहर के श्री हनुमान धाम स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर, माजरा रोड स्थित शिव मंदिर भाकूवाला, मोहल्ला रेलपार स्थित सदाशिव मंदिर, दुर्गा शिव मंदिर, बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर, कैराना रोड शिव मंदिर गुलजारी वाला, वनखंडी शिव मंदिर, करनाल रोड स्थित भोलेश्वर महादेव मंदिर, मोहल्ला पंसारियान सतीवाला, गांधी चौक कुटी वाला शिव मूर्ति, मंडी जवाहर गंज बाबा विश्वनाथ मंदिर, शिवगंज मंडी स्थित शिव मंदिर समेत शहर के मध्य शिव चौक, रेलवे रोड स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर, मंदिर ठाकुरद्वारा, शाकंभरी देवी अजुध्या चौक, खारी कुई शिव मंदिर समेत सभी शिवालयों में भगवान आशुतोष की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया।
सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भगवान आशुतोष की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने के लिए लंबी लाइनें लगी रही। श्रद्धालुओं धूप, दिप जलाकर बैर और चौलाई के लड्डू अर्पित किए। कैराना रोड शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का जलाभिषेक करने का क्रम दोपहर दो बजे तक चलता रहा। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्री हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार को सुबह 3:40 बजे से जलाभिषेक शुरू हो गया था। कैराना रोड गुलजारी वाला शिव मंदिर के महंत शैलेंद्र गिरी ने बताया कि भगवान आशुतोष के मंदिर मुख्य गेट को गुब्बारों, फूलों से सजाया गया।