झिंझाना के ढिडाली प्राइमरी स्कूल के गेट पर बैठे बीएलओ
- फोटो : SHAMLI
झिंझाना। निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत नए वोट बनाने के लिए गांव ढिंढाली में प्राथमिक विद्यालय पर ताला लटका मिलने पर बीएलओ टीम ने गेट के निकट बैठकर कार्य किया।
रविवार को निर्वाचन आयोग द्वारा लोगों के नए वोट बनाने और त्रुटिपूर्ण मतों का पुनरीक्षण के लिए बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई थी। गांव ढिंढाली के बीएलओ विक्रमसिंह, सुनील कुमार, सरिता देवी रविवार सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे तो उन्हें गेट पर ताला लगा मिला। बीएलओ टीम ने ग्राम प्रधान को मौके पर बुलाया। ग्राम प्रधान ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका दीपा से बात की तो उसने चाबी किसी दूसरे अध्यापक के पास होना बताया। ग्राम प्रधान नरेंद्र उर्फ बिल्लू ने बताया कि विद्यालय के गेट की चाबी नहीं मिलने पर गेट के बाहर कुर्सी आदि की व्यवस्था कर वोट बनवाने का कार्य कराया गया है। इस मामले की जानकारी एसडीएम ऊन को दे दी गई है।
बीएलओ विक्रमसिंह ने बताया कि रविवार को 30 नए वोट बनाए गए हैं जबकि त्रुटिपूर्ण 20 वोट काटे गए हैं। इनमें कुछ वोट डबल बनी थी, कई के पते गलत थे। इसके अलावा चार मृतकों के वोट निरस्त किए गए। वोट बनवाने आए शिवानी, सुनील, रसीला, अमित, सौराज सिंह, रेशमा आदि ने बताया कि विद्यालय के गेट के बाहर बैठकर बीएलओ ने वोट बनाने का कार्य किया जबकि वहां पर बैठने, पानी आदि की कोई व्यवस्था नहीं थी।