कांधला। गांव गढ़ीश्याम में दादा की मौत के दस माह बाद तक एक पोता पेंशन लेता रहा। पेंशन की धनराशि को लेकर विवाद होने पर दूसरे पोते ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की है।
गांव निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार का निधन 14 फरवरी 2024 को हुआ था। आरोप है उनके एक पोते ने अपने दादा की मृत्यु की जानकारी विभाग को नहीं दी और लगातार उनके बैंक खाते से पेंशन की राशि निकालता रहा। पेंशन राशि लगभग 65 हजार रुपये प्रति माह आ रही थी, जिसे वह दिसंबर 2024 तक निकालता रहा।
बताया गया है कि रक्षा मंत्रालय के नियमों के अनुसार, पेंशन भोगियों को हर साल डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है। लेकिन सूबेदार का जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं हो पाया तो बैंक ने पेंशन बंद कर दी।
इसके बाद 18 दिसंबर 2024 को ग्राम पंचायत से मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाया गया। पेंशन को लेकर दूसरे पोते ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
इस मामले में खंड विकास अधिकारी वेदप्रकाश द्विवेदी ने बताया कि अभी तक यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।