- जनपद में शामली ब्लॉक के अलावा अन्य ब्लॉकों का डाटा पोर्टल पर नहीं हुआ अपडेट
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। उत्तर प्रदेश में शिक्षामित्राें के तबादला व समायोजन के निर्देश पूर्व में जारी किए गए हैं। बावजूद इसके इनका डाटा मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट न होने से समायोजन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है। महानिदेशक स्कूल कंचन शर्मा ने पूर्व में भी इस पर नाराजगी जताई है, इसके बाद भी अभी तक जनपद में डाटा अपडेट नहीं हो सका है।
आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षा मित्र वेलफेयर संगठन उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर बृजेश ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार स्थानांतरण के लिए शिक्षामित्र का डाटा अपडेट करने के लिए जून माह में आदेश दिया है। शिक्षामित्र की समस्या के प्रति गंभीर हैं, लेकिन अधिकारी लापरवाही कर रहे हैं। जिससे प्रदेश के शिक्षामित्र में आक्रोश के कारण पठन-पाठन के कार्य में गुणवत्ता घट रही है। जहां एक और शिक्षामित्र स्नातक बीटीसी योग्यताधारी अनुभवी शिक्षक है, उन्हें मात्र 10000 रुपये महीना पर कार्य करना पड़ रहा है।
यातायात में खर्च कम हो सरकार ने राहत देते हुए उन्हें मूल विद्यालय वापसी तथा महिलाओं को ससुराल के क्षेत्र में विद्यालय आवंटित करने का निर्णय लिया है। इसके बाद भी जनपद शामली में शामली ब्लॉक के अलावा थानावन, ऊन, कैराना और कांधला के खंड शिक्षा अधिकारियों ने पोर्टल पर डाटा अपडेट नहीं किया है, जिस कारण शिक्षामित्रों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बेसिक अधिकारी लता राठौर से शीघ्र यदि डाटा अपडेट कराने की अपील की है। जल्द डाटा अपडेट नहीं किया गया तो लापरवाह खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर आंदोलन किया जाएगा।