‘युवाओं के खेलने पर प्रतिबंध लगा रही सरकार’
थानाभवन। जिला पंचायत सदस्य एवं सपा नेता शेर सिंह राणा ने भाजपा सरकार व पुलिस पर क्षेत्र के युवाओं के खेलने व दौड़ अभ्यास करने पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जबरन युवाओं के अभ्यास करने के सामान को जब्त कर लिया है।
बुधवार को कस्बे के एक वेडिंग प्वाइंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिला पंचायत सदस्य शेर सिंह राणा ने कहा कि जलालाबाद देहात क्षेत्र में सैकड़ों बीघा पशुचर की भूमि खाली पड़ी हुई है। कुछ दिन पूर्व युवाओं ने भूमि पर श्रमदान कर मैदान का रूप दिया। कुछ धन एकत्र किया, जिसमें 71 हजार रुपये उन्होंने दिए थे। इससे युवाओं ने खेल का सामान खरीदा और मंगलवार को वे उक्त भूमि पर सामान स्थापित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी नेताओं के निर्देश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खेल सामान को जब्त कर लिया। इसका वह पुरजोर विरोध करते हैं। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि पशुचर की भूमि पर स्थायी निर्माण किया जा रहा था। इस संबंध में ग्राम प्रधान की ओर से शिकायत करने के बाद पुलिस ने मौके पर काम रुकवाया है। उधर, ग्राम प्रधान नजीर मलिक का कहना है कि यह भूमि पशुचर की है। इस पर किसी प्रकार का निर्माण नहीं किया जा सकता। उक्त भूमि पर कई फाउंडेशन का निर्माण किया गया है, जो अवैध है। इसलिए थाने में कार्रवाई के लिए शिकायत की गई है।