शामली में श्रीहनुमान धाम में भागवत कथा सुनते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में कथा व्यास पंडित सोनेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रीकृष्ण रुक्मिणी विवाह की कथा सुनाकर विभोर कर दिया। कहा कि गोपियों ने भगवान से मिलने के लिए हजारों साल तक तपस्या की। गोपियों का श्रीकृष्ण से ब्रह्म भक्ति का मिलन है।
श्री हनुमान धाम पर श्रीकृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में उन्होंने कहा कि भगवान की बांसुरी सिर्फ गोपियों को सुनाई दी। जिन्हें पाने के लिए गोपियों ने हजारों साल तपस्या की। जब अक्रूर जी वृंदावन में श्रीकृष्ण को लेने पहुंचे, तो गोपियों ने उन्हें रोकने का बहुत आग्रह किया, लेकिन वे रुके नहीं। इस पर गोपियों ने कहा था कि जा रहे हो तो जाओ कन्हैया, लेकिन इतना रहम करते जाओ कि दिल तो पहले ही ले चुके हो, अब प्राणों को भी लेते जाओ।
भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा मे आकर कंस का वध करके अपने माता-पिता को कारागार से मुक्त कराया। भगवान ने उद्धव को वृंदावन भेजा। उन्होंने श्रीकृष्ण रुक्मिणी विवाह की कथा का सुंदर वर्णन किया। इस दौरान घनश्याम जागिड़, हनुमान धाम के प्रधान सलील द्विवेदी, उपेंद्र द्विवेदी, अरविंद कौशिक, रविंद्र चौधरी, अंकित शर्मा, अमित भारद्वाज, पुष्पेंद्र, मुकेश गौतम, सुमित्रा शर्मा, शर्मिष्ठा शर्मा, मीरा रानी, बबली शर्मा, योगेश भारद्वाज आदि रहे।