चौसाना। खेड़ी खुशनाम में जेई द्वारा विधवा से रिश्वत मांगने के विरोध में धरने पर बैठे ग्रामीणों के बीच एसडीओ पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से लिए गए पैसे वापस कराकर आरोपी जेई के स्थानांतरण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
चौसाना के गांव खेड़ी-खुशनाम में एक विधवा महिला के खेत में बिजली का खंभा तेज आंधी में गिर गया था। जिसको बदलने के लिए पीड़िता ने जेई से संपर्क किया तो आरोप है कि पीड़िता से दस हजार रुपये की मांग की गई थी। महिला ने पांच हजार रुपये जेई दिनेश कुमार को दे भी दिए, लेकिन खंभा नहीं बदला गया। बल्कि पीड़ित महिला के परिवार के लोगों के खिलाफ ही खंभा क्षतिग्रस्त करने की तहरीर पुलिस को दे दी गई। जिसके बाद पुलिस कार्रवाई के डर से महिला गांव छोड़कर चली गई।
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी जेई दिनेश कुमार के खिलाफ बिजलीघर पर धरना शुरू कर दिया। धरने के दूसरे दिन रविवार को एसडीओ अशोक कुमार धरनारत ग्रामीणों के बीच पहुंचे और आरोपी जेई दिनेश कुमार से रिश्वत के पांच हजार वापस कराए और खंभा बदलने का आश्वासन भी दिया। एसडीओ ने कहा कि जेई का स्थानांतरण मेरे कार्य क्षेत्र में नहीं है, उच्चाधिकारियों को इसके लिए रिपेार्ट भेजी जाएगी। जिस पर जल्द कार्रवाई होगी। एसडीओ अशोक कुमार का कहना है कि जेई पर कार्रवाई के आश्वासन व महिला के पैसे वापस कराकर धरना को समाप्त कराया गया है।