बाबरी (शामली)। गांव भाजू में कट की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसान धीरेंद्र बालियान की मंगलवार रात को मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर भाकियू युवा के अध्यक्ष गौरव टिकैत मृतक किसान के आवास पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि धीरेंद्र के परिवार की सरकार द्वारा हर संभव मदद कराई जाएगी। भाजू कट को लेकर चल रहे धरने पर गौरव टिकैत ने किसानों के बीच पहुंचकर मृतक किसान धीरेंद्र बालियान के लिए दो मिनट का मौन रखा। उन्होंने कहा कि कट की मांग को लेकर बैठे किसान की शहादत बेकार नहीं जाएगी। हर हाल में कट लेकर रहेंगे।
वही रविवार को धरने के 100 दिन पूर्ण होने व मृतक किसान धीरेंद्र की आत्मा की शांति के लिए हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। किसान की मौत के बाद भाजू कट पर प्रस्तावित भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत के जन्म दिवस पर केक काटने का कार्यक्रम स्थगित किया जाएगा। शामली चीनी मिल के जीएम ने भी मृतक किसान के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान बोबी बालियान, नरेश पाल, विरेन्द्र सिंह, तेजवीर सिंह, रमेश, उपेंद्र कुमार, अनंगपाल, रामसिंह आदि मौजूद रहे।