बाबरी में गैस गोदाम पर गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लगी लाइन । संवाद
बाबरी। बाबरी स्थित भारत गैस एजेंसी पर पिछले तीन दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह तड़के छह बजे से ही एजेंसी के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन गैस नहीं आने की सूचना के बाद उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि एजेंसी पर अंतिम बार 15 अप्रैल को करीब 180 सिलिंडरों की खेप पहुंची थी। इसके बाद से अब तक गैस की एक भी गाड़ी नहीं पहुंची है, जिससे उपभोक्ताओं की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
शनिवार को भी सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता गैस लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे और लंबी कतारों में खड़े रहे। कई घंटों तक इंतजार करने के बाद जब उन्हें गैस न आने की जानकारी मिली तो मायूस होकर लौटना पड़ा। उपभोक्ता सचिन कुमार, मोहित का कहना है कि गैस की कमी के कारण उनके घरों का दैनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और वैकल्पिक इंतजाम करना भी आसान नहीं है।
एजेंसी प्रबंधक अंकित कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों से गैस की गाड़ी नहीं पहुंचने के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब 150 से 200 नई बुकिंग हो रही हैं, जिससे कुल लंबित बुकिंग की संख्या बढ़कर लगभग 1000 तक पहुंच गई है।