सिलिंडरों में पांच किलो तक गैस कम मिली
ऊन/झिंझाना (शामली)। एसडीएम को मिली शिकायतों के आधार पर आपूर्ति विभाग की टीम ने ऊन स्थित इंडेंन गैस एजेंसी के गोदाम पर छापामारी की। टीम का दावा है कि गोदाम में कई सिलिंडरों में कम वजन मिला है। दूसरी कंपनी के भी कुछ सिलिंडर मिले हैं। इन सिलिंडरों को सीज करा दिया गया है। गैस आपूर्ति कर रहे वाहनों का भी रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। उन्हें पुलिस चौकी पर भेज दिया गय।
एसडीएडम ऊन सुरेंद्र सिंह के अनुसार गांव बझेड़ी निवासी प्रवीण कुमार ने ऊन स्थित इंडेंन गैस एजेंसी से कम वजन के सिलिंडरों देने की शिकायत की थी। होम डिलीवरी के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया था। एसडीएम के अनुसार बुधवार को उन्होंने एजेंसी के गांव ढिंढाली स्थित गैस गोदाम पर छापा मारा। आपूर्ति निरीक्षक इंसपेक्टर दीपा वर्मा, एआरओ जगवीर सिंह ,राजस्व निरीक्षक अमरीश शर्मा को भी मौके पर बुला लिया गया। टीम ने गोदाम पर जांच पड़ताल शुरू कर दी। वहां रखे भरे हुए गैस सिलिंडरों को तुलवाकर देखा गया। आपूर्ति निरीक्षक के अनुसार 11 सिलिंडरों में गैस कम मिली। सिलिंडरों में करीब पांच किलो से दो किलो तक गैस कम मिली।
एचपी का सिलिंडरों भी मिला
अधिकारियों के अनुसार गोदाम में पांच सिलिंडर एचपी कंपनी के भी मिले हैं। एक सिलिंडर पंजाब गैस एजेंसी का मिला है। पता चला कि तीन गाड़ियों में गैस की सप्लाई होती है। उनके रजिस्ट्रेशन कागज टीम ने मांगे, तो आरोप है कि मौके पर मौजूद कर्मचारी कागजात नहीं दिखा सके। इस पर गाड़ियों को पुलिस चौकी भिजवा दिया गया है। कम वजन वाले ंसिलिंडरों को सीज करा दिया गया है। होम डिलीवरी के नाम पर 50 रुपये अधिक लेने की शिकायतें भी मिली थी उसकी भी जांच होगी।
कोट
शिकायत के आधार पर ये कार्रवाई हुई है। इसमें अनियमितता मिली हैं। इस संबंध में आपूर्ति विभाग की ओर से आवश्यक वस्तु अधिनियम आदि विभागीय धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की लाएगी।
सुरेंद्र सिंह, एसडीएम ऊन
जांच के बाद स्थिति साफ हो जाएगी- मैनेजर
इस संबंध में गैस एजेंसी संचालक से संपर्क नहीं हो पाया है। गैस गोदाम के मैनेजर पोपिंद्रर कुमार ने बताया की उनके यहां पूरे नियमों के अनुुसार गैस आपूर्ति होती है। सारे नियमों का पालन करते हैं और नियम कायदों से गैस आपूर्ति होती है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।