झिंझाना क्षेत्र के गांव नौनांगली में पंचायत के बाद चुनाव बहिष्कार का बैनर लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
झिंझाना। क्षेत्र के गांव नौनांगली में एक माह से फुंके पड़े ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया है, गांव में जाने वाले मुख्य मार्ग में बने गहरे खड्डों में जल भराव होने से रास्ता अवरुद्ध है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने किसी भी दल के प्रत्याशी को गांव में न घुसने देने का एलान किया है, साथ ही चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
मंगलवार को नौनांगली के ग्रामीणों ने गांव में पंचायत कर विधानसभा चुनाव में किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान नहीं करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आने वाले मुख्य मार्ग की हालत इतनी खराब है कि दो दिन पूर्व हुई बारिश के बाद सड़क में हुए जलभराव के कारण गांव का संपर्क शामली व झिंझाना से कट गया है।
गांव में बिजली सप्लाई के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर को फुंके हुए एक माह से अधिक बीतने के बाद ठीक नहीं कराया गया है। जबकि बिजली कर्मचारियों ने प्रत्येक घर से उसको ठीक कराने के नाम पर 100-100 रुपये वसूले किए हैं। सभी दलों के नेताओं से मिलकर गांव की दोनों समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पंचायत में कहा गया कि किसी भी दल के नेता को गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा।
मतदान वाले दिन भी ग्रामीण सभी दलों का बहिष्कार करेंगे। इस दौरान संजय तोमर, ओमपाल, भोपाल, प्रवीण, सतबीर, संजीव, गोलू, गौरव, सुबोध, सोनू, धर्मवीर, इंद्रसिंह, पवन, सुखबीर सिंह, काला, राणा आदि मौजूद रहे।