पूर्व प्रधानमंत्री के विरुद्ध अशोभनीय टिप्पणी करने पर रोष
शामली। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी करने पर रालोद कार्यकर्ताओं व किसानों ने रोष व्यक्त किया। कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को रालोद कार्यकर्ता और किसान शहर कोतवाली पहुंचे। कोतवाली में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि जिला बागपत के गांव हेवा के मूल निवासी हाल पता आनंद बिहार दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री के विरुद्ध अनर्गल बातें लिखी गई और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इसकी वजह से किसानों में रोष है। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर विक्रांत जावला, पंकज सरोहा, राजन, मोहित खाटियान, विश्व प्रताप सिंह, मोमीन चौधरी, आजम, अरविंद, विमल व विक्रांत चौधरी आदि मौजूद रहे। इस संबंध में सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।