शहर के धीमानपुरा फाटक के पास पेट्रोल पंप पर बिना प्रदूषण देखे पेट्रोल भरते कर्मचारी। संवाद
शामली। प्रदूषण पर नियंत्रण और वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) को लेकर लागू नो पीयूसीसी, नो फ्यूल व्यवस्था जिले के पेट्रोल पंपों पर दम तोड़ रही है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालक बिना पीयूसीसी दिखाए ही पेट्रोल-डीजल और सीएनजी ले रहे हैं। पंपों पर कर्मचारी भी प्रमाणपत्र देखने में कोई रूचि नहीं ले रहे हैं।
शहर के एसटी तिराहे स्थित पेट्रोल पंप पर केवल जागरूकता बैनर लगा हुआ मिला, लेकिन कर्मचारी वाहनों में बिना किसी रोकटोक के ईंधन भरते रहे। शहर के धीमानपुरा फाटक के पास पेट्रोल पंप पर किसी भी कर्मचारी ने वाहन चालकों को प्रदूषण प्रमाण पत्र दिखाने के लिए नहीं बोला। गांव गोहरनी स्थित पेट्रोल पंप पर कोई जागरूकता बोर्ड लगा नजर नहीं आया।
शहर के दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप भी बिना प्रदूषण देखे पेट्रोल भरा गया। पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि अभी तक चेक करने वाले कैमरे नहीं लगे है, केवल एप का प्रयोग करने की बात कही गई है। एप भी ठीक से काम नहीं करता है।
वाहन चालकों को भी नहीं जानकारी
बातचीत के दौरान वाहन चालक अरुण व अमरपाल ने बताया कि उन्हें नो पीयूसीसी, नो फ्यूल व्यवस्था के बारे में जानकारी नहीं है। कुछ चालकों ने बताया कि पेट्रोल पंप पर उनसे प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं मांगा गया। वहीं, कुछ वाहन चालक ऐसे भी मिले, जिनके पास पीयूसीसी नहीं था, लेकिन उन्हें ईंधन मिल गया।
सभी पेट्रोल पंपों पर जागरूकता बैनर लगवा दिए गए हैं। आदेश का प्रचार प्रसार भी कराया जा रहा है। जल्द ही अभियान चलाते हुए आदेश का पालन कराया जाएगा। - अंकुर यादव, डीएसओ
शहर के धीमानपुरा फाटक के पास पेट्रोल पंप पर बिना प्रदूषण देखे पेट्रोल भरते कर्मचारी। संवाद