बाबरी के रघुनाथपुर में बच्चे की मौत के बाद घर के बाहर मौजूद ग्रामीण। संवाद
बाबरी। गांव बाबरी के मजरा रघुनाथपुर में बाग की जुताई के दौरान चार वर्षीय बच्चे की ट्रैक्टर से गिरकर रोटावेटर की चपेट में आकर मौत हो गई।
रघुनाथपुर निवासी बाबूराम बृहस्पतिवार सुबह बाग में ट्रैक्टर रोटावेटर से जुताई कर रहे थे। उनके साथ पौत्र पांच वर्षीय नितिन और चार वर्षीय कृष भी ट्रैक्टर पर बैठे थे। जुताई के दौरान रोटावेटर में तार फंस गया। बाबूराम ने ट्रैक्टर बंद कर दिया और नीचे उतरकर रोटावेटर में फंसा तार निकालने लगे।
इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठे बड़े पौत्र नितिन ने ट्रैक्टर में लगी चाबी घुमा दी, जिससे ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट होकर चल पड़ा। इसी दौरान चार वर्षीय कृष ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय रोटावेटर के पास मौजूद बाबूराम भी उसकी चपेट में आने बच गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शाम को गमगीन माहौल में बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बाबरी के रघुनाथपुर में बच्चे की मौत के बाद घर के बाहर मौजूद ग्रामीण। संवाद