शामली/कैराना। मादक पदार्थों के तस्करी के आरोप में शहर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को करीब सवा लाख रुपये कीमत की 400 ग्राम स्मैक बरामद की है। उधर, कैराना पुलिस ने एक आरोपी को 25 लाख रुपये कीमत की करीब 250 ग्राम स्मैक बरामद की है।
बुधवार को एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बुधवार शहर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को चेकिंग के दौरान 400 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब एक लाख 25 हजार रुपये है। पकड़े गए आरोपियों के नाम अमजद निवासी मोहल्ला हरेंद्र नगर, फराज निवासी गुलशन नगर और आरिफ निवासी मोहल्ला पंसारियान है। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि कैराना में कैराना कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। उसी समय पुलिस को गांव बसेड़ा में एक युवक द्वारा स्मैक लाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने गांव दभेड़ी खुर्द के बिजलीघर के निकट से युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इंताश निवासी गांव बसेड़ा थाना कैराना बताया। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक सहारनपुर के गंगोह से लाया था। आरोपी स्मैक की पुड़िया बनाकर क्षेत्र के गांवों में बेचने का काम करता था। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपये है। एसपी के मुताबिक आरोपी शातिर स्मैक तस्कर है। वह पूर्व में स्मैक तस्करी के मुकदमे में हरियाणा के जनपद करनाल के थाना घरोंडा से जेल जा चुका है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।