शामली। विकास भवन के निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ संख्याधिकारी कार्यालय के पांच अफसरों और कर्मचारियों के लंबे समय से गैरहाजिर मिलने पर सीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्रवाई करते हुए उनका सामान बाहर रखवा दिया और वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
विकास भवन में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी व लघु सिंचाई कार्यालय संचालित हैं। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी के रूप में जीशान अहमद तोमर, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी के रूप में अरुण कुमार, सहायक जिला अर्थ संख्याधिकारी महबूब हसन, कनिष्ठ सहायक के रूप में आजाद शत्रु शर्मा, चपरासी विनोद कुमार की तैनाती है।
सीडीओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे जिला अर्थ संख्याधिकारी शामली कार्यालय का निरीक्षण किया। वहां पर जिला अर्थ संख्याधिकारी जीशान अहमद, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शामली अरुण, सहायक जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी महबूब, कनिष्ठ सहायक आजाद, विनोद चपरासी गैर हाजिर पाए गए।
इनका वेतन रोकने एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने के लिए डीएम शामली, संयुक्त निदेशक, जिला अर्थ संख्या प्रभाग सहारनपुर मंडल सहारनपुर व निदेशक जिला अर्थ एवं संख्या लखनऊ को भेजी जा रही है। बताया कि लघु सिंचाई के भवन में विशेष प्रयास करके जिला अर्थ संख्याधिकारी कार्यालय संचालित कराया गया था, लेकिन पांचों अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यालय में समय से न आने व कार्य में रुचि न लेने की शिकायत मिल रही थी।
उधर, जिला अर्थ संख्याधिकारी शामली जीशान अहमद का कहना है कि वह डीएम कैंप मुजफ्फरनगर में तैनात हैं। उनके दो स्टाफ सर्वे में लगे हैं, चपरासी ट्रेजरी में गया था। सीडीओ शामली विनोद कुमार सिंह से वार्ता हो गई है।