रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी से वार्ता करते थानाभवन के पूर्व विधायक राव वारिस
- फोटो : SHAMLI
शामली। थानाभवन के पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस ने रालोद का दामन थाम लिया है। उन्होंने दिल्ली में अपनी मां राव मसर्रत बेगम के साथ रालोद की सदस्यता ग्रहण की।
बुधवार को राव अब्दुल ने दिल्ली में पहुंचकर रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उनकी मां राव मसर्रत के अलावा राज्यसभा के पूर्व सदस्य शाहिद सिद्दीकी भी मौजूद रहे। गांव कैड़ी निवासी पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस 2007 में रालोद के टिकट पर थानाभवन से पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद वह बसपा में शामिल हो गए तथा 2012 और 2017 का विधानसभा चुनाव बसपा के टिकट पर लड़ा। नसीमुद्दीन सिद्दीकी के बसपा छोड़ने के बाद वह भी पार्टी से अलग हो गए थे। मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले राव वारिस को एक मजबूत नेता के रूप में जाना जाता है। उनके पिता राव अब्दुर्राफे खां ने स्व. चौधरी चरणसिंह के साथ काम किया था और माता राव मसर्रत बेगम भी 2000 में भारतीय किसान कामगार पार्टी से चुनाव लड़ीं।