जलालाबाद। अवैध आरा मशीनों के संचालन की शिकायत करने के मामले में वन रेंजर पर शिकायतकर्ता ने फोन पर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया है। धमकी देने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कस्बा जलालाबाद में अवैध रूप से चल रही आरा मशीनों की साजिद, सचिन व दिलदार ने मुख्यमंत्री पोर्टल व वन विभाग के अधिकारियों शिकायत की थी। शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों ने जलालाबाद पहुंचकर अवैध रूप से चल रही कई आरा मशीनों को बंद करा दिया था। आरोप है कि मशीन संचालकों ने रात में फिर से आरा मशीनों को चालू कर दिया। शिकायतकर्ता दिलदार ने बताया कि उन्होंने फोन पर वन रेंजर धर्मव्रत को अवैध रूप से आरा मशीनें चलने की शिकायत की।
आरोप है कि वन रेंजर उस पर भड़क गए और उसे जेल भेजने की धमकी दी। इस मामले का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, वन रेंजर धर्मव्रत का कहना है कि उन्होंने किसी को किसी भी तरह की कोई धमकी नहीं दी है। शिकायतकर्ता ने जो शिकायत की है, उस पर कार्रवाई की जा रही है।