कांधला। कस्बे के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चौरी-चौरा शताब्दी समापन समारोह व आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। प्राचार्या प्रो. प्रमोद कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभातफेरी को रवाना किया।
प्रभात फेरी मोहल्ला गुजरान रायजादगान, हीरालाल शिव मंदिर से होती हुई महाविद्यालय में आकर समाप्त हुई। रैली में अपना देशप्रेम दर्शाते हुए छात्राओं ने चौरी-चौरा के शहीदों का बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान, महात्मा गांधी अमर रहे, देश के शहीद अमर रहे, बापू तेरा बलिदान याद करेगा हिंदुस्तान आदि नारे लगाए। डॉ. पंकज चौधरी, संयोजक चौरी-चौरा व आजादी का अमृत महोत्सव के बारे में बताया। कहा कि आज हमें गांधीजी के विचारों को अपनाकर समस्याओं का समाधान खोजना चाहिए। छात्राओं को गांधीजी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
छात्राओं ने स्वतंत्रता आंदोलन में चौरी-चौरा का इतिहास दर्शाते हुए सुंदर पोस्टर बनाएं। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर एकता सैनी (बीए द्वितीय वर्ष), द्वितीय स्थान पर सामूहिक रूप से आरती उपाध्याय (बीए तृतीय वर्ष) एवं तनु पवार (बीए द्वितीय वर्ष) रही। तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से बीए द्वितीय वर्ष की आंचल एवं काजल रहीं। कार्यक्रम में डॉ. दीप्ति चौधरी, प्रभारी रेंजर्स एवं डॉ. लक्ष्मी गौतम, कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना व शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पंकज ने किया।