शामली। कई दिनों से छाए स्मॉग से शुक्रवार शाम को थोड़ी राहत मिली, लेकिन सुबह धुंध छाई रही। दोपहर में हवा चलने से वातावरण थोड़ा साफ रहा।
शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह स्मॉग छाया हुआ था। दस बजे तक धुंध के कारण लोगों को परेशानी हुई, लेकिन इसके बाद हल्की हवा चलने लगी तो स्मॉग छंट गया। शाम को शहर में स्मॉग तो था लेकिन बीते दिनों के मुकाबले कम रहा। शुक्रवार शाम मुजफ्फरनगर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 320 के आसपास था। शामली में भी स्थिति लगभग मुजफ्फरनगर के बराबर ही रहती है।
बृहस्पतिवार को एक्यूआई 400 से ऊपर जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को इसमें कमी आने से थोड़ी राहत मिली है। आगामी दिनों में स्मॉग के फिर से बढ़ने की आशंका है। पिछले वर्ष भी दिवाली के बाद जनपद में प्रदूषण से स्थिति बेहद खराब हो गई थी। इस बार भी ऐसे ही हालात बनने की आशंका जताई जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि इन दिनों नमी और हवा कम चलने से धुआं और धूल के कण ऊपर नहीं जा पाते, जिससे धुंध छाई रहती है। शुक्रवार को प्रदूषण का स्तर कम हुआ है।