शामली। चीनी मिलों के पेराई सत्र शुरू होने के साथ आखिरकार गन्ना सुरक्षण आदेश जारी हो गया है। गन्ना सुरक्षण आदेश में शामली चीनी मिल के पांच गन्ना खरीद केंद्र ऊन मिल और थानाभवन मिल का एक गन्ना खरीद केंद्र तितावी चीनी मिल को हस्तांतरित हो गया है। इस तरह शामली चीनी मिल में 31, थानाभवन 84 और ऊन मिल के पास 92 गन्ना खरीद केंद्र घोषित किए गए हैं।
इस साल कोरोना काल के दौरान सितंबर में लखनऊ में होने वाली गन्ना सुरक्षण बैठक इस बार नहीं हुई। 20 अक्तूबर को लखनऊ में गन्ना आयुक्त संजय आर भूूसरेड्डी ने प्रदेश के सभी डीसीओ को बुलाकर जिलों की चीनी मिलों की खरीद केंद्रों से रिपोर्ट तलब की थी। रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद चीनी मिलों का गन्ना सुरक्षण आदेश जारी कर दिया गया है।
जिले की सभी चीनी मिलों को 217 गन्ना खरीद केंद्रों का आवंटन कर दिया गया, जिनमें शामली चीनी मिल को 31, थानाभवन चीनी मिल को 84, ऊन मिल को 92 गन्ना खरीद केंद्र आवंटित किए गए हैं। डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शामली चीनी मिल के गोगवान, भूूरा द्वितीय, किशोरपुर प्रथम, किशोर द्वितीय, झाड़खेडी गन्ना खरीद केंद्र ऊन चीनी मिल और थानाभवन चीनी मिल का गन्ना खरीद केंद्र बाबरी द्वितीय को तितावी चीनी मिल को आवंटित कर दिया गया है।