शामली। जिले में लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण मौसम ठंडा होने से लोग गर्म कपड़े पहने हुए नजर आए।
पिछले 24 घंटे में रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर स्थिर रहा जबकि अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। वायु गुणवत्ता सूचकांक 184 से कम होकर 163 रहा। मौसम विभाग का कहना है कि 17 नवंबर तक घना कोहरा छाए रहने के आसार है।
शुक्रवार को भी सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा। देर रात में घना कोहरा छा गया था। कोहरे के साथ ओस की बूंदे भी गिरती रही। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही।
सुबह दस बजे कोहरा छंटने के बाद धूप निकली। शाम को पांच बजे के बाद फिर से हल्का कोहरा दिखाई देना शुरू हो गया। उधर, जिले में अभी भी वायु प्रदूषण कम न होने से लोगों को राहत नहीं मिली है।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक यूपी शाही ने बताया अगले पांच दिन 19 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने, रात के तापमान में दो से चार डिग्री गिरावट से ठंड बढ़ने और 17 नवंबर तक घने कोहरे के आसार हैं।ै