शामली बाईपास पर गांव सिंभालका में होता पुल का निर्माण कार्य
- फोटो : SHAMLI
शामली। आखिर एक साल के इंतजार के बाद दिल्ली- शामली-सहारनपुर हाईवे के बलवा रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो गया है। उत्तर रेलवे ने फाउंडेशन और पिलर खड़े करने की अनुमति दे दी है। अनुमति के बाद निर्माण एजेंसी ने तेजी से कार्य शुरू कर दिया है।
दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर शामली जिले में बलवा और जंधेडा फाटक और सहारनपुर जिले में रामपुर मनिहारान रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं। निर्माण एजेंसी हाईवे के प्रथम चरण का कार्य बागपत से लेकर शामली तक पूरा कर चुकी है। दूसरे चरण में शामली से सहारनपुर बाईपास तक हाईवे निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी ने लगभग एक साल पूर्व बलवा, जंधेडा और रामपुर मनिहारन में रेलवे फाटकों पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए मिट्टी टेस्टिंग की थी। तभी उत्तर रेलवे से इन तीनों फाटकों पर फ्लाईओवर के निर्माण की मांगी थी, लेकिन किसी कारणवश रेलवे की ओर से अनुमति मिलने में देरी हुई।
एक साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद रेलवे ने फाटक पर फ्लाईओवर के फाउंडेशन और पिलर खड़े करने की अनुमति दे दी है। निर्माण कंपनी कृष्णा कंस्ट्रक्शन का कार्य देख रहे जितेंद्र बालियान ने बताया कि दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे के बलवा रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर फाउंडेशन और पिलर खड़े करने का कार्य शुरू कर दिया है। अगले सप्ताह तक जंधेडा रेलवे फाटक के फ्लाईओवर फाउंडेशन और पिलर खड़े करने की अनुमति आने की संभावना है। उनका कहना है कि बलवा का फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 31मार्च तक पूरा हो जाएगा। जंधेडा फाटक का फ्लाईओवर का कार्य अप्रैल तक खत्म होगा। शामली बाईपास का मेरठ- करनाल हाईवे पर पिलर कार्य पूरा हो गया है। पिलर के बाद पुल का लिंटर डालने के लिए सरियों का जाल खड़ा कर दिया गया है।
भूमि अधिग्रहण न होने से होगी देरी
दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर रामपुर मनिहारन में फ्लाईओवर, शामली तहसील और बलवा में हाईवे के पास बाईपास की भूमि का अधिग्रहण नहीं हो पाया है। यदि शीघ्र ही हाईवे का फ्लाईओवर और बाईपास की भूमि अधिग्रहण नहीं हुआ तो निर्माण कार्य लटक जाएगा। 2022 में रामपुर- मनिहारन, बलवा में बाईपास कार्य पूरा हो पाएगा।