शामली। जिले में श्रीकृष्ण छठी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। झांकियों के साथ भव्य पालकी यात्रा शहर में धूमधाम से निकाली गई। बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया।
मंगलवार को शहर के गांधी चौक श्रीकृष्ण मंदिर शिव कुटी में श्री बांके बिहारी पालकी यात्रा सेवा समिति के तत्वावधान में श्रीकृष्ण छठी महोत्सव आयोजित किया गया। श्री बांके बिहारी लाल की विशेष पूजा अर्चना दोपहर एक बजे पंडितों द्वारा संपन्न कराई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मनीष चौहान ने चतुर्थ पालकी यात्रा महोत्सव का शुभारंभ किया।
यात्रा गांधी चौक से शुरू होकर हनुमान रोड हनुमानधाम से कोतवाली रोड मिल रोड, तालाब रोड, रेलवे रोड शिव- सुभाष चौक से धीमानपुरा रोड भिक्की मोड़, बैंड मार्केट, गौशाला रोड, राज्जो मोहल्ला, गुजरातियान, अजुध्या चौक, बड़ा बाजार से गांधी चौक पर मंदिर परिसर में समाप्त हुई।
जगह-जगह यात्रा का व्यापारियों द्वारा फूल बरसाकर स्वागत किया गया। यात्रा में बैंडबाजे, ढोल पार्टी श्रीराधा कृष्ण समेत कई सुंदर झांकियां शामिल रहीं। मुख्य यजमान के रूप भूषण लाल संगल, मनोज मित्तल ने हिस्सा लिया। चवर सेवा में संजय गुप्ता, अनमोल तायल, शृंगार सेवा में प्रमोद धीमान मौजूद रहे। डॉ. विपिन कौशिक, मनोज वर्मा, राकेश गोयल, पंकज, अरुण गोयल, रोहित, विवेक का सहयोग रहा। पालकी यात्रा संपन्न होने के बाद गांधी चौक मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उधर शहर के बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर श्री कृष्ण के छठी महोत्सव के मौके पर भंडारे का आयोजन किया।
उधर, थानाभवन नगर में कई स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। घर परिवारों में लड्डू गोपाल की पूजा अर्चना के साथ प्रसाद ग्रहण किया। मंगलवार को श्रीकृष्ण के छठी महोत्सव पर श्रीबालाजी धाम में विशेष पूजा अर्चना के पश्चात महिलाओं ने भजन कीर्तन कर कढ़ी चावल, का प्रसाद वितरित किया। प्राचीन देवी भवन, मंदिर ठाकुरद्वारा, मंदिर कचौरीनाथ मां शाकुंभरी भवन, शिव मंदिर राजो की मोरी, श्रीराम मंदिर घंटोवाला में कीर्तन हुआ।
शाकुंभरी देवी मंदिर में मना छठी महोत्सव
कांधला। भगवान श्री कृष्ण के छठी महोत्सव पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंगलवार को मोहल्ला रायजादगान स्थित श्री शाकुंभरी देवी मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के 6 दिन बाद छठी का आयोजन किया गया।
जिसमें बाल गोपाल की पूजा अर्चना कर पंचामृत से अभिषेक कराकर प्रसाद का भोग लगाते हुए भंडारे का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कढ़ी चावल का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान विनीत पांडेय, मोहित शर्मा, राजेश कुमार, शिवा, संदीप सैनी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। वहीं सूरज कुंड महादेव मंदिर पर भगवान गोपाल का छठी पर्व धूमधाम से मनाया गया।
जिसमें महिलाओं के द्वारा बाल गोपाल के संस्कार किए गए। इसके पश्चात परंपरानुसार छठी पर्व पर एक पक्ष के द्वारा भगवान की छठी पर नेक व उपहार भेंट किया गया। जिसके पश्चात मंदिर प्रांगण में भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान अमित, भीम सैनी, रवि, सोनू, दिनेश, विकास, टोनू, विशाल सहित दर्जनों लोगों का सहयोग रहा।