शामली। नगर के सिसौली अड्डे के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राहुल पुत्र राजेंद्र निवासी गांव सेंठी हरदोई हाल निवासी मोहल्ला दयानंद नगर शामली भांग के सरकारी ठेके पर सेल्समैन था। मंगलवार को एसटी तिराहे की ओर काम से गया हुआ था। जब वह आ रहा था, तो थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिसौली अड्डे के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने राहुल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने परिजनों ने घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम तक मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही थी। उधर, थाना प्रभारी आदर्श मंडी एमएस गिल ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं आई, तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।