कैराना। स्कूल जाते समय लापता हुए पांच छात्र करीब तीन घंटे बाद स्कूल के पास गन्ने के खेत में सकुशल मिल गए। बच्चों के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जगनपुर निवासी पांचवीं कक्षा के छात्र वैभव, अतुल, नैतिक और विधान के अलावा दूसरी कक्षा का छात्र वासु बैग लेकर कंडेला स्थित निजी स्कूल के लिए निकले थे। पांचों स्कूल नहीं पहुंचे तो शिक्षक ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों के साथ परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे बाद पांचों बच्चे स्कूल के पास गन्ने के खेत में मिल गए।
नैतिक के पिता तेजपाल ने बताया कि शिक्षक ने बच्चों के देर से आने पर उन्हें डांट दिया था। इसी डर से वे स्कूल नहीं गए और पास में खेलने चले गए थे। जांच अधिकारी कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी, लेकिन कुछ देर बाद उनके सकुशल मिलने की जानकारी भी मिल गई।